मंत्री श्री सखलेचा द्वारा सरवानिया महाराज में लगभग 6 करोड के निर्माण कार्यो का भूमि पूजन एमएसएमई मंत्री द्वारा सरवानिया महाराज में डेढ करोड के कार्यो का लोकार्पण
नीमच । मध्य प्रदेश सरकार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिये संकल्पित है । गांव – गांव शहर- शहर अनेकों विकास एवं निर्माण कार्यो का विकास पर्व के तहत लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जा रहा है । इसी क्रम में सरवानिया महाराज वासियों को भी आज 6 करोड से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यो की सौगात मिलने जा रही है। इन कार्यो के पूरा हो जाने पर सरवानिया महाराज की तस्वीर बदल जायेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधायें मिलेगी । यह बात प्रदेश के एमएसएमई मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने गुरूवार को नगर परिषद सरवानिया महाराज द्वारा विकास पर्व के तहत आयेाजित समारोह में लगभग 6 करोड रूपये की लगात के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यो तथा डेढ करोड की लागत के विभिन्न वार्डो में सीसी सडक एवं नालियों के निर्माण कार्यो का लोकार्पण करने के बाद उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुये कही । इस मौके पर नगरपरिषद अध्यक्ष रूपेन्द्र जैन, उपाध्यक्ष रामलाल राठौर, श्याम काबरा एवं अर्जुन माली सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्षदगण उपस्थित थे ।
मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि, मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने की दिशा में सरकार का बडा कदम है । इस योजना के तहत धीरे – धीरे राशि बढाकर 3 हजार रूपये प्रति माह कर दी जायेगी । उन्होने 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी बहनों और ट्रेक्टर धारित परिवारों की महिलाओं से भी फार्म भरने का आग्रह किया ।
इसके पूर्व, मंत्री श्री सखलेचा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर तथा कन्याओं का पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । उन्होने वार्ड नंबर 11 में 12 लाख लागत के स्वागत द्वार , 15 लाख की लागत से महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना के कार्य, 1 करोड की लागत से वार्ड नंबर 1, 2 व 3 में नाला निर्माण कार्य, वार्ड नंबर 1 व 3 उपरेडा रोड में 1 करोड की लागत से डामरीकृत सडक निर्माण, उपरेडा रोड पर 25 लाख की लागत से शॉपिंग काम्प्लेक्स निर्माण, मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना के तहत 1 करोड 50 लाख की लागत के विभिन्न विकास कार्यो, लार्इटिंग एवं सौदर्यीकरण कार्यो तथा वार्ड नंबर 6 मे कायाकल्प अभियान के तहत 75 लाख की लागत के सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास पटटीका का अनावरण किया । मंत्री श्री सखलेचा ने सरवानिया महाराज में 1 करोड 50 लाख की लागत से विभिन्न वार्डो में सीसी सडक एवं नालियों के निर्माण कार्य का लोकार्पण भी किया । मंत्री श्री सखलेचा ने प्लास्टीक मुक्त अभियान के तहत नगर परिषद द्वारा स्थापित की जाने वाली नवीन क्लॉथ बैग वेंडिग मंशीन का शुभारंभ भी किया उन्होने इस मशीन में सिक्का डालकर कपडे का बैग प्राप्त किया ।
नगर परिषद अध्यक्ष रूपेन्द्र जैन ने स्वागत उदबोधन में नगर में अब तक हुये विकास कार्यो और प्रस्तावित कार्यो के बारे में विस्तार से अवगत कराया । अंत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने आभार माना । इस मौके पर जन प्रतिनिधि गणमान्य नागरिक पंचायत पदाधिकारी, पार्षदगण एवं बडी संख्या में महिलायें एवं नगरवासी उपस्थित थे।