कबीरपुर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, पति हिरासत में, पत्नी और तीन बच्चों के शव घर में मिले, कुल्हाड़ी से हत्या की आशंका; पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी
भोपाल। मध्यप्रदेश, दमोह के मगरोन थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में शनिवार सुबह एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से सनसनी फैल गई। घर में 27 वर्षीय खेमा पटेल, उसकी 7 वर्षीय बेटी उर्मिला, 4 वर्षीय बेटे उमेश और 1 वर्षीय बेटे राजा के शव मिले। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने मृतका के पति द्वारका पटेल को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। सूचना मिलते ही मगरोन थाना प्रभारी वंदना गौर, फतेहपुर चौकी प्रभारी रघुवीर सिंह और पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घरेलू विवाद की बात सामने आई
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि खेमा कुछ समय से मायके में रह रही थी और घटना से कुछ दिन पहले ही कबीरपुर लौटी थी। परिजनों के अनुसार, पूर्व में भी पति के खिलाफ शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस इस शिकायत और पारिवारिक विवाद से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है। कुछ स्थानीय जानकारियों में घटना के पीछे शक या कथित अवैध संबंध को वजह बताए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी तक हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना के बाद सागर से एफएसएल टीम को बुलाया गया है। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, परिजनों के बयान और अन्य जांच के आधार पर घटना की वास्तविक वजह और घटनाक्रम स्पष्ट किया जाएगा। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।