इंदौर के दीक्षित अपने परिवार के साथ 14 लाख 38 हजार की धोखाधड़ी, लोकेशन के आधर पर गिरफ्तार आरोपी महिला से पुछताछ जारी
कनाडा-अलास्का क्रूज यात्रा के नाम पर 14.38 लाख की ठगी, फर्जी टिकट थमाकर महिला ने तोड़ा संपर्क; फरीदाबाद से गिरफ्तार
इंदौर। विदेश में क्रूज यात्रा का सपना दिखाकर एक परिवार से 14 लाख 38 हजार 2 रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने 28 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान पूजा सिंह उर्फ पूजा तिवारी के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद स्थित सेक्टर-29 की निवासी बताई गई है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश कर उसे गिरफ्तार किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, इंदौर के पलासिया क्षेत्र निवासी अरुण दीक्षित अपने परिवार के साथ कनाडा और अमेरिका के अलास्का की क्रूज यात्रा पर जाना चाहते थे। इसी दौरान एक परिचित के माध्यम से उनकी मुलाकात पूजा सिंह से हुई। महिला ने कम शुल्क में पर्यटक वीजा, क्रूज बुकिंग, होटल और हवाई टिकट की व्यवस्था कराने का भरोसा दिलाया। उसकी बातों में आकर पीड़ित परिवार ने नवंबर-दिसंबर 2025 के दौरान अलग-अलग माध्यमों से कुल 14,38,002 रुपये दे दिए।
फर्जी पीएनआर वाले टिकट देकर तोड़ा संपर्क
रकम लेने के बाद आरोपी महिला ने परिवार को हवाई टिकट उपलब्ध कराए, लेकिन जांच में टिकटों के पीएनआर फर्जी पाए गए। इसके अलावा बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए गलत तारीखें भी बताई गईं। जब पीड़ित परिवार ने यात्रा की बुकिंग और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी मांगी तो महिला ने संपर्क करना बंद कर दिया और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की।
तकनीकी साक्ष्यों से दिल्ली तक पहुंची क्राइम ब्रांच
मामले की जांच के बाद इंदौर क्राइम ब्रांच ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपी महिला की तलाश शुरू की। लगातार फरार रहने के बाद पुलिस ने तकनीकी जानकारी के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस धोखाधड़ी में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है।
पुलिस की कार्रवाई के बाद विदेश यात्रा के नाम पर की जाने वाली ऑनलाइन और ट्रैवल बुकिंग धोखाधड़ी को लेकर एक बार फिर सतर्क रहने की जरूरत सामने आई है। यात्रा की बुकिंग कराने से पहले संबंधित एजेंसी की विश्वसनीयता और टिकटों की वास्तविक स्थिति की पुष्टि करना जरूरी है।