श्री पशुपतिनाथ मंदिर के पाटोत्सव में श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कर रहे श्रद्धालु, मंदिर सभागृह में कथा के प्रथम दिवस श्रद्धालुओं ने की आरती, यजमान बनकर लिया
Madhya Pardesh / मंदसौर। पवित्र धर्मनगरी मंदसौर स्थित भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर में आयोजित 20 दिवसीय प्रतिष्ठा पर्व पाटोत्सव के अंतर्गत तीसरे दिन श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन जारी रहा। कथा व्यास पं. शिवम शर्मा पंच्छेड़ वाले के मुखारविंद से श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ ले रहे हैं।

कथा के प्रथम दिवस कथा व्यास पं. शिवम शर्मा पंच्छेड़ वाले ने सभी आयोजनकर्ताओं का बारंबार प्रणाम करते हुए कहा कि मंदसौर की पावन धरा पर स्वयं अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ विराजमान हैं। यहां भगवान शिव के दिव्य स्वरूप के दर्शन और उनकी लीलाओं का अनुभव करने के लिए श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव कैलाश पर्वत से पृथ्वी पर अपनी लीलाओं के दर्शन कराने आए हैं। मंदसौर में भगवान श्री पशुपतिनाथ के रूप में शिव साक्षात विराजमान हैं। उनकी महिमा और भक्ति सदैव धर्मनगरी मंदसौर के कण-कण और यहां के भक्तों के हृदय में विराजमान रहेगी।

पाटोत्सव के दौरान देशभर से संत-महात्माओं एवं धर्माचार्यों का आगमन भी हो रहा है। पाटोत्सव के आयोजक अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ धार्मिक एवं सामाजिक सेवा संस्थान, मंदसौर के भागवताचार्य पं. श्रीकृष्ण वल्लभ शास्त्री (मालवा स्वामी) ने बताया कि आयोजन के अंतर्गत पं. शिवम शर्मा पंच्छेड़ वाले के मुखारविंद से सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं तीन दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जा रहा है। मंदिर सभागृह में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कथा एवं प्रवचन आयोजित हो रहे हैं।
कथा के समापन पर आरती का आयोजन किया गया। इसमें चौतन्य आश्रम मेनपुरिया के ट्रस्टी रमेशचंद्र शर्मा, प्रधान शर्मा, गोपाल पंचारिया, सांसद प्रतिनिधि सुरेश भावसार, दीपक भावसार, सुदर्शन कॉलोनी महिला मंडल सहित मंदसौर शहर एवं क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों और धर्मालुओं ने आरती में शामिल होकर धर्मलाभ लिया।
20 दिवसीय पाटोत्सव के दौरान युवा संत चेतन्य मृत्युंजय महाराज ने भी अपने र्ध्मविचार की प्रस्तुती दी। विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, कथा, प्रवचन एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संत-महात्माओं की उपस्थिति और श्रद्धालुओं की सहभागिता से मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।