नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “कुछ ही सप्ताह बाद हम अपनी स्वतंत्रता का महापर्व भी मनाएंगे, 15 अगस्त हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है। यह उन असंख्य वीर स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने भारत माता की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और तपस्या के कारण आज देशवासियों के हाथों में तिरंगा है। तिरंगा केवल राष्ट्र की आन-बान-शान का प्रतीक नहीं, बल्कि इसमें भारत के संविधान के आदर्श भी समाहित हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने देशवासियों को एक अद्भुत भावना से जोड़ा है और इस वर्ष भी इसे जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाना है।
हथकरघा और स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अगस्त को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उल्लेख करते हुए देशवासियों से बुनकरों और हस्तशिल्प से जुड़े कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश के बुनकर साथी पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं और अपनी सृजनशीलता को आगे बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमें हस्तकला को बढ़ावा देना चाहिए, अपने बुनकर साथियों का सम्मान करना चाहिए और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को और मजबूत करना चाहिए। हथकरघा क्षेत्र को बढ़ावा मिलने से बड़ी संख्या में लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने का संदेश
प्रधानमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर में लोग प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज किसी सकारात्मक अभियान से जनभागीदारी के साथ जुड़ता है, तो उससे प्रेरणादायी और सुंदर उदाहरण सामने आते हैं।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय उत्पादों और भारतीय परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। NEWS@C