पीएम आवास योजनारू निर्माण अधूरा छोड़ने वाले हितग्राहियों को चेतावनी, कार्रवाई की तैयारी-जनपद सीईओ शिवानी जैन
भोपाल। मध्यप्रदेश, शहडोल/जयसिंहनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत राशि मिलने के बावजूद आवास निर्माण अधूरा छोड़ने वाले हितग्राहियों को अब आवास पूर्ण करना होगा। निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूरा नहीं करने और शासन के निर्देशों का पालन नहीं करने पर संबंधित हितग्राहियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत जयसिंहनगर, श्रीमती शिवानी जैन ने बताया कि जनपद पंचायत क्षेत्र की ग्राम पंचायत घियार, कतिरा एवं टेटका के कुछ हितग्राहियों को आवास निर्माण के लिए शासन से राशि स्वीकृत कर जारी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं कराया गया है।
12 हितग्राहियों के नाम सूची में शामिल
कार्यालय जनपद पंचायत जयसिंहनगर द्वारा इस संबंध में संबंधित तहसीलदार को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के लिए हितग्राहियों की सूची भेजी गई है। सूची में ग्राम पंचायत घियार के 4, कतिरा के 7 और टेटका के 1 हितग्राही का नाम शामिल है। इस प्रकार कुल 12 हितग्राहियों के आवास निर्माण की स्थिति पर कार्रवाई प्रस्तावित है। प्रशासन के अनुसार, कई आवास प्लिंथ स्तर अथवा अन्य अधूरे चरणों में लंबित हैं। कुछ हितग्राहियों को निर्माण के लिए एक से अधिक किश्तों की राशि भी जारी की जा चुकी है, फिर भी आवास पूर्ण नहीं हुए हैं।
राशि का निर्धारित उद्देश्य के लिए उपयोग करने की अपील
सीईओ शिवानी जैन ने संबंधित हितग्राहियों से अपील की है कि वे प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के लिए करते हुए अपने आवास निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण में अनावश्यक विलंब करने अथवा योजना के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।