देवास में अवैध ओपी स्पिरिट की बड़ी खेप जब्त, दो आयशर वाहनों से मिले 69 ड्रम, इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस की टाटा चौराहे पर कार्रवाई, दो आरोपी हिरासत में
देवास (मध्यप्रदेश)। देवास के इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने अवैध ओपी (ओवरप्रूफ) स्पिरिट के परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आयशर वाहनों से कुल 69 ड्रम स्पिरिट जब्त की है। पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों के चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर की रात सूचना मिली थी कि इंदौर की ओर से दो वाहनों में अवैध रूप से ओपी स्पिरिट का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने टाटा चौराहे पर चेकिंग लगाई और संदिग्ध दोनों वाहनों को रोककर जांच की।
वाहनों के चालकों से परमिट एवं ला
इसेंस संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद वाहनों की तलाशी लेने पर एक आयशर वाहन से 34 ड्रम और दूसरे से 35 ड्रम ओपी स्पिरिट बरामद हुई। पुलिस ने कुल 69 ड्रम स्पिरिट जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शराब बनाने में होता है स्पिरिट का इस्तेमाल
सीएसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि ओपी स्पिरिट का उपयोग शराब बनाने में किया जाता है। अवैध परिवहन की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मामले में दो आरोपियों को पकड़ा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब स्पिरिट के परिवहन से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस कार्रवाई के बाद अवैध स्पिरिट के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने के लिए जांच जारी है।