राजस्थान के 39 जिलों में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी, 5,393 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए शाम 6 बजे तक होगा मतदान, 57.52 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
जयपुर। राजस्थान के 39 जिलों की नगर निकायों में चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है। पहले चरण के तहत 5,393 वार्डों में पार्षद चुनने के लिए शाम 6 बजे तक मतदान कराया जा रहा है। इस चरण में कुल 57,52,278 मतदाता पंजीकृत हैं, जो 20,623 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला ईवीएम में दर्ज करेंगे।
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए 7,683 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड की तैनाती की गई है।
जिन मतदाताओं के पास वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है, वे निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के माध्यम से मतदान कर सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट शामिल हैं।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने किया मतदान
बीकानेर। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बीकानेर नगर निगम चुनाव 2026 के पहले चरण में मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र का पर्व है और सभी लोगों को इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा, “यह मेरा क्षेत्र भी है और मेरा मोहल्ला भी है। हम यहां मतदान करने आए हैं। यह लोकतंत्र का पर्व है और मैं इसमें भाग लेने आया हूं।” मेघवाल ने बीकानेर में भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी।
टीकाराम जूली ने किया मतदान, कांग्रेस के पक्ष में माहौल होने का दावा
अलवर। नगर निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत अलवर में भी मतदान जारी है। राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान के बाद उन्होंने कहा कि मतदाता अब जागरूक हो चुके हैं और प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में अच्छा माहौल है। जूली ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को सत्ता में आए करीब तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी भी कई समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा को हराने और कांग्रेस को समर्थन देने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर स्थिति अलग दिखाई देती है।