युवा सामर्थ्य ही विकसित भारत की नींव, संसद परिसर में एनडीए सांसदों ने किया विरोध प्रदर्शन
नई दिल्ली/मंदसौर। नीट पेपर लीक और छात्रों के मुद्दे को लेकर संसद के मानसून सत्र में सियासी घमासान जारी है। इसी क्रम में एनडीए सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन कर विपक्ष से पेपर लीक के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की। प्रदर्शन में मंदसौर-नीमच-जावरा सांसद सुधीर गुप्ता भी शामिल हुए।
सांसद सुधीर गुप्ता ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदर्शन की जानकारी साझा करते हुए कहा, पेपर लीक पर संसद में चर्चा करो। युवा सामर्थ्य ही विकसित भारत की नींव है। विपक्ष भागो मत। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर सड़क से संसद तक आवाज उठ रही है और इसका समाधान गंभीर चर्चा एवं संवाद के माध्यम से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत और उनके भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। पेपर लीक जैसे गंभीर विषय पर राजनीति से ऊपर उठकर सभी पक्षों को मिलकर समाधान की दिशा में काम करना चाहिए।
बतादें, पेपर लीक के मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। एनडीए सांसदों के प्रदर्शन के बाद यह मुद्दा एक बार फिर राजनीतिक चर्चा के केंद्र में आ गया है।