नामली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बोलेरो पिकअप से 125 पेटी अवैध शराब और बीयर जब्त / वाहन सहित 12.96 लाख रुपये का मश्रुका जब्त, पुलिस की घेराबंदी देख चालक वाहन छोड़कर फरार
रतलाम। मध्यप्रदेश में अवैध शराब के कारोबार एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम जिले की नामली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने धोंसवास के पास महू-नीमच हाईवे पर घेराबंदी कर एक बोलेरो पिकअप वाहन से 125 पेटी अवैध शराब और बीयर जब्त की है। जब्त शराब एवं बीयर की कुल मात्रा 1,224.48 बल्क लीटर बताई गई है।
पुलिस कार्रवाई के दौरान बोलेरो पिकअप चालक पुलिस की घेराबंदी देखकर वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। तलाशी लेने पर वाहन से बैगपाइपर अंग्रेजी शराब की 82 पेटियां, जिनकी कीमत 6 लाख 73 हजार 56 रुपये तथा माउंट 6000 बीयर की 43 पेटियां, जिनकी कीमत 1 लाख 23 हजार 800 रुपये बरामद हुईं। इस प्रकार जब्त शराब एवं बीयर की कुल कीमत 7 लाख 96 हजार 856 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने गुजरात पासिंग महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन को भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह शराब एवं वाहन सहित कुल 12 लाख 96 हजार 856 रुपये का मश्रुका जब्त किया गया है।
मामले में नामली पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।