उज्जैन। मध्यप्रदेश, उज्जैन, देवास जिले के ग्राम चंदाना एवं विंजाना में पिछले एक माह के दौरान हुई कुछ लोगों की मौतों को लेकर उज्जैन संभाग आयुक्त ने गंभीरता दिखाते हुए पांच सदस्यीय जांच दल गठित किया है। आयुक्त कार्यालय द्वारा 24 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में मौतों के कारण, परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए हैं।
जांच दल में अपर कलेक्टर उज्जैन प्रथम कौशिक (भा.प्र.से.) को अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) मंदसौर रामस्नेही मिश्रा, एसडीओपी सैलाना रतलाम लेखराज मीणा, उप आबकारी आयुक्त, संभागीय उड़नदस्ता उज्जैन हर्षवर्धन राय तथा क्षेत्रीय संचालक लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा उज्जैन डॉ. दीपक कुमार पिप्पल को सदस्य नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार जांच दल घटना से जुड़े सभी पहलुओं की तथ्यात्मक और विस्तृत जांच करेगा तथा जांच प्रतिवेदन 15 दिवस के भीतर उज्जैन संभाग आयुक्त को प्रस्तुत करेगा। जांच में पुलिस, आबकारी और स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों को शामिल किए जाने से मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जाएगी।