बेरोजगार संगठन के नेता वकील बंजारा सहित दो के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज, जमीन का पट्टा दिलाने के नाम पर तीन लोगों से 30 हजार रुपये लेने का आरोप, भावगढ़ पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण
मंदसौर। मध्यप्रदेश, मंदसौर, जमीन का पट्टा दिलाने के नाम पर तीन लोगों से 10-10 हजार रुपये लेने, पट्टा नहीं दिलाने और रुपये वापस मांगने पर लौटाने से इनकार करने के आरोप में भावगढ़ पुलिस ने बेरोजगार संगठन से जुड़े बताए जा रहे नेता वकील बंजारा सहित दो व्यक्तियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी रामलाल पिता भागीरथ मोगिया, निवासी नई आबादी, माऊखेड़ी ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने पड़ोसी निभेराम एवं नाथूलाल के साथ जमीन का पट्टा बनवाने की बात को लेकर दो व्यक्तियों के संपर्क में आया था।
शिकायत के अनुसार दोनों आरोपियों ने जमीन का पट्टा दिलाने का आश्वासन देकर तीनों व्यक्तियों से 10-10 हजार रुपये, कुल 30 हजार रुपये लिए। आरोप है कि इसके बाद न तो जमीन का पट्टा दिलाया गया और न ही ली गई राशि वापस की गई। फरियादी द्वारा रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया।
मामले में भावगढ़ पुलिस ने वकील बंजारा पिता बंशीलाल बंजारा, निवासी संजीत रोड जग्गाखेड़ी, थाना नाहरगढ़ तथा नईम शाह पिता सलीम शाह, निवासी बड़ी होली, थाना कोतवाली मंदसौर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।
घटना 29 अगस्त 2026 को शाम करीब 5.43 बजे रामलाल के घर के सामने ग्राम माऊखेड़ी में होना बताई गई है। भावगढ़ पुलिस ने अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं धारा 420 के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ कर दी है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा की जा रही है।
अन्य मामलों की भी जांच की उठी मांग
बताया जा रहा है कि वकील बंजारा एवं नईम शाह के विरुद्ध दर्ज इस प्रकरण के बाद क्षेत्र में इस बात की भी चर्चा है कि इस प्रकार के अन्य मामले भी सामने आ सकते हैं। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि दोनों आरोपी लंबे समय से मंदसौर के गांधी चौराहे पर धरना-प्रदर्शन एवं विभिन्न मुद्दों को लेकर लोगों को एकत्रित करने की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। ऐसे में बेरोजगार एकता समिति से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं के नाम अथवा संगठन के नाम के कथित दुरुपयोग की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि इन सभी अतिरिक्त आरोपों एवं आशंकाओं की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
इनका कहना: मेरे खिलाफ कोई मामला नही है, माउखेड़ी गांव के कुछ लोग जरूर एसपी साहेब के यहों आवेदन देने आऐ थे, हम मउखेड़ी नही गये। -वकिल बंजाराः बेरोजगार एकता समिति मंदसौर।