दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, बुजुर्ग दंपती की हत्या कर चांदी के आमले लूटे थे, चौथे आरोपी ने की आत्महत्या
गरोठ। मध्यप्रदेश, मंदसौर जिला के थाना गरोठ पुलिस ने ग्राम चांदबर्डा में बुजुर्ग दंपती की हत्या और लूट के सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए चांदी के जेवरात, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार 25 अगस्त 2026 को नारायण बंजारा निवासी चांदबर्डा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके माता-पिता देवीलाल और भुलीबाई खेत पर बनी झोपड़ी में सो रहे थे। रात में अज्ञात बदमाशों ने देवीलाल के सिर पर भारी पत्थर से हमला कर हत्या कर दी, जबकि भुलीबाई गंभीर रूप से घायल मिलीं। उपचार के दौरान भुलीबाई की भी मृत्यु हो गई। जांच में सामने आया कि भुलीबाई के पैरों में पहने चांदी के आमले गायब थे। पुलिस ने साइबर सेल, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की मदद से जांच आगे बढ़ाई और विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पैसों के लिए बनाई थी लूट की योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि संतोषबाई उर्फ संता ने अपने साथी कान्हा उर्फ करण, पवन और राजेश को बुजुर्ग दंपती के खेत पर बनी झोपड़ी में अकेले रहने तथा महिला द्वारा भारी चांदी के आमले पहनने की जानकारी दी थी। इसके बाद आरोपियों ने लूट की योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में कान्हा उर्फ करण, पवन और संतोषबाई उर्फ संता को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस के अनुसार मामले का आरोपी राजेश कीर वारदात के बाद मनासा स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर चुका है।
यह सामान हुआ बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर करीब 50 हजार रुपए कीमत के चांदी के आमले, करीब 50 हजार रुपए की बिना नंबर की हीरो एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन कीमत करीब 45 हजार रुपए, खून से सने कपड़े तथा हत्या में इस्तेमाल किए गए बड़े पत्थर बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि बलवीर सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। मामले में अग्रिम विवेचना जारी है।