मंदसौर मे मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ हुआ
मंदसौर। जनपद पंचायत भवन मंदसौर में रविवार को मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम (सीएमसीमलडीपी) के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का सत्रारंभ समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंदसौर-नीमच-जावरा क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता की विशेष उपस्थिति रही। जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंत शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की जिला समन्वयक श्रीमती तृप्ति बैरागी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित इस कार्यक्रम का नया शैक्षणिक सत्र अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह से प्रदेश के सभी विकासखंडों में प्रारंभ किया जा रहा है। इसी क्रम में मंदसौर में सत्रारंभ समारोह आयोजित कर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की गई तथा उनके साथ संवाद किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के सहयोग से प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों को समाज कार्य के क्षेत्र में प्रमाण-पत्र, डिप्लोमा तथा स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर की शिक्षा प्रदान की जाती है। पाठ्यक्रम में सामुदायिक नेतृत्व एवं सतत विकास को विशेष महत्व दिया गया है।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को सामुदायिक नेतृत्व के लिए प्रशिक्षित करना तथा उन्हें समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना है। इसके माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी एवं उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित सामुदायिक नेतृत्व तैयार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्रीमती अर्चना भट्ट सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सत्रारंभ समारोह में विद्यार्थियों को कार्यक्रम की रूपरेखा, अध्ययन पद्धति एवं सामुदायिक नेतृत्व की भूमिका के संबंध में जानकारी दी गई। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ समाजहित में सक्रिय सहभागिता करने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।