Madhya Pardesh / मंदसौर। पुलिस ने 14 अक्टूबर को ग्राम बरखेड़ा उदा में कार्रवाई कर बिना नंबर की काली महिंद्रा स्कॉर्पियो एन कार से 1 करोड़ 29 लाख रुपये की नकदी जब्त की। कार की बॉडी में बने गुप्त खानों से यह राशि बरामद हुई। शामगढ़ पुलिस ने तीन व्यक्तियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी।
कार बरखेड़ा उदा निवासी भवानीशंकर मीणा के घर के पीछे बाड़े में खड़ी मिली। थाने पर मैकेनिक की मदद से तलाशी लेने पर गुप्त खानों से नकदी बरामद हुई।
मामले में भवानीशंकर मीणा उम्र 49 वर्ष, मोहम्मद इस्लाम उम्र 47 वर्ष और सूर्य प्रकाश गंगवाड़ उम्र 59 वर्ष, निवासी बरेली, उत्तर प्रदेश, से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये कीमत की स्कॉर्पियो भी जब्त की है। नकदी के स्रोत की जांच की जा रही है तथा आयकर विभाग को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई में एसडीओपी महोदय सीतामउ श्री दिनेश प्रजापति के नेतृत्व मे , थाना प्रभारी सुवासरा बी डी वीरा , थाना प्रभारी भानपुरा उनि विनयं बुंदेला , थाना प्रभारी शामगढ उनि कपिल सोराष्ट्रीय, उनि शेलेन्द्र सिँह कनेश, उनि ओ पी राठोर, उनि मनोज महाजन तथा शामगढ, सुवासरा व भानपुरा के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।