भोपाल,। लंबे समय से लंबित नर्सिंग परीक्षा परिणाम घोषित होने से प्रदेश के हजारों विद्यार्थियों को राहत मिली है। परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई, उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर से जुड़ी बाधाएं दूर होने का रास्ता साफ हुआ है।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद नर्सिंग विद्यार्थियों एवं प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने रीवा में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर परिणाम घोषित होने पर धन्यवाद दिया।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने नर्सिंग विद्यार्थियों को परीक्षा परिणाम घोषित होने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विद्यार्थियों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए न्यायालय के समक्ष छात्र हित का पक्ष मजबूती से रखा। न्यायालय के आदेश के परिपालन में परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं। सरकार विद्यार्थियों के हित और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है तथा आगे भी आवश्यक कदम उठाती रहेगी।
विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा परिणाम लंबित रहने के कारण उन्हें आगे की पढ़ाई, उच्च कक्षाओं में प्रवेश और करियर संबंधी योजनाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। परिणाम घोषित होने से उन्हें राहत मिली है और आगे की शिक्षा का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
इस अवसर पर प्राइवेट नर्सिंग कॉलेज एसोसिएशन के सदस्य विनय शुक्ला, डॉ. सुमन सिंह परिहार, डॉ. जी.एल. पटेल सहित अन्य संचालकों के नेतृत्व में नर्सिंग विद्यार्थी उपस्थित रहे।