समृद्ध मध्यप्रदेश 2047: जावरा के विकास का विजन तैयार करने बैठक, कई बड़ी परियोजनाओं के प्रस्ताव
जावरा। समृद्ध मध्यप्रदेश 2047 के अंतर्गत जिला विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने के उद्देश्य से जावरा नगर पालिका परिषद सभागार में विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय और एसडीएम जावरा की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विधानसभा क्षेत्र जावरा (222) को आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करने के लिए नागरिकों के जीवन स्तर, मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा, अधोसंरचना, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं का समग्र आकलन कर विकास संबंधी सुझाव एवं परियोजनाओं के प्रस्ताव आमंत्रित करना था।
बैठक में क्षेत्र में स्वीकृत एवं प्रगतिरत विकास कार्यों की समीक्षा की गई। नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) ने विजन 2047 के तहत ऑडिटोरियम, हाईटेक ई-लाइब्रेरी, मल्टी स्टोरी मार्केट पार्किंग, सोलर आधारित नगर निकाय एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, गीता भवन, इंडोर-आउटडोर स्टेडियम, विभिन्न सड़क चौड़ीकरण कार्य, नया हाईटेक बस स्टैंड तथा सिटी बायपास जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत किए।
विधायक डॉ. राजेन्द्र पाण्डेय ने पेयजल, पार्किंग, सीवरेज, ठोस कचरा प्रबंधन तथा पिपलौदा चौराहा, भीमाखेड़ी फाटक और लुहारी रेलवे फाटक पर फ्लायओवर जैसी परियोजनाओं को प्राथमिकता देते हुए इनके शीघ्र क्रियान्वयन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष लालाबाई चन्द्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष रूकमणी हेमराज हाड़ा, जनपद उपाध्यक्ष अलका हरिओम पाटीदार, नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष युसूफ कड़पा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।