मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिए जांच के निर्देश, कहा- जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना में सामने आई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर संबंधित सीएसपी को हटाने के साथ ही तीन थाना प्रभारियों, एक यातायात निरीक्षक, एक प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना की विस्तृत जांच के निर्देश देते हुए कहा कि जांच के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने दोहराया कि जनसुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर के शीतला माता मंदिर के पास हुआ भीषण सड़क हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने इस गंभीर घटना में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी, आरक्षक किशन खन्ना, आरक्षक अनिल जैतपुरिया और आरक्षक पवन सेंगर को निलंबित करने के भी निर्देश दिए।
बतादें, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के सामने देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीनोर की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ग्वालियर में शीतल मंदिर के पास शनिवार रात करीब 1:30 बजे हुई भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हुई और 26 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि पंजाब का ट्रक था, जिसमें धान भरी हुई थी। फिलहाल ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। कर्तव्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री यादव ने सोशल मीडिया पर आर्थिक सहायता की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
