भीषण गर्मी में राहत का संकल्पः उत्कर्ष स्कूल रोड पर शुरू हुआ ‘जल मंदिर’, राहगीरों और स्कूली बच्चों को मिलेगा शीतल जल
मंदसौर। बढ़ती गर्मी और तपते मौसम के बीच सामाजिक सरोकार की एक प्रेरणादायी मिसाल सामने आई है। ‘पंछी बचाओ अभियान’ और ‘सेवा बैंक’ के संयुक्त तत्वावधान में जोशी परिवार द्वारा उत्कर्ष स्कूल रोड पर जनसेवा के उद्देश्य से जल मंदिर (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। यह पहल राहगीरों, यात्रियों और स्कूली बच्चों के लिए गर्मी के दिनों में बड़ी राहत साबित होगी। यह जल मंदिर स्वर्गीय माधवचंद जोशी, स्वर्गीय भगवती जोशी एवं स्वर्गीय दिलीप जोशी की पुण्य स्मृति में स्थापित किया गया है। शुभारंभ अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने इसे मानव सेवा और समाज के प्रति संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
राहगीरों और विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
उत्कर्ष स्कूल रोड पर स्थित यह जल मंदिर प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की प्यास बुझाएगा। विशेष रूप से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों, रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्रियों और क्षेत्र से गुजरने वाले राहगीरों को अब भीषण गर्मी में ठंडे पेयजल की सहज उपलब्धता होगी।
जनसेवा का बना प्रेरक केंद्र
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी सुनील बंसल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सामाजिक, धार्मिक और सेवा कार्यों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में परोपकार और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं तथा अन्य लोगों को भी जनहित के कार्यों के लिए प्रेरित करते हैं।
इनका रहा विशेष योगदान
इस पुनीत सेवा कार्य को सफल बनाने में राकेश भाटी, बालकृष्ण दवे, अर्चना दवे, कालूराम (जनता होटल), हेमा गहलोत, राजेश रत्नावत, नीलिमा जोशी सहित ‘सेवा बैंक’ और ‘पंछी बचाओ अभियान’ से जुड़े अनेक स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जल मंदिर के शुभारंभ पर क्षेत्रवासियों ने जोशी परिवार की इस जनहितैषी पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय कदम बताया।
———————-
संबल योजना के अनुग्रह सहायता प्रकरणों का करें त्वरित निराकरण
जून माह से सभी विकास खंडों में शुरू होगा राहगीर अभियान
साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न
मंदसौर। कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर विभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री अनुकूल जैन सहित सभी जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि संबल पंजीयन अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि से संबंधित लंबित प्रकरणों का सीएमओ एवं जनपद पंचायतों के सीईओ प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि सभी स्कूलों में जर्जर भवनों का सर्वे कर उन्हें चिन्हित किया जाए। जर्जर भवनों में विद्यार्थियों को न बैठाया जाए और न ही वहां शैक्षणिक गतिविधियां संचालित की जाएं। साथ ही स्कूल भवनों के आवश्यक मरम्मत एवं मेंटेनेंस कार्य समय पर कराए जाएं। सभी नगरीय निकायों को भी अपने क्षेत्र के जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार उन्हें ध्वस्त (डिस्मेंटल) करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जून माह से जिले के सभी विकासखंडों में राहगीर अभियान प्रारंभ किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन हेतु सभी एसडीएम को आवश्यक तैयारियां करने तथा पटवारियों को प्रशिक्षित कर अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी अधिनियम की समीक्षा करते हुए कहा कि ऐसे प्रकरण जो निर्धारित समय-सीमा के बाद निराकृत किए गए हैं, उनमें संबंधित अधिकारियों पर प्रति प्रकरण 5 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों के निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
—————————-
विश्व तंबाकू नियंत्रण दिवस पर जिला अस्पताल में चला हस्ताक्षर अभियान, तंबाकू छोड़ने का दिलाया संकल्प
मंदसौर। विश्व तंबाकू नियंत्रण दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय परिसर में तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मियों, आशा-उषा कार्यकर्ताओं तथा विद्यार्थियों ने भाग लेकर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया। यह अभियान डॉ. अंबेडकर बाल कल्याण संस्था (डबको) एवं मध्यप्रदेश वॉलंट्री हेल्थ एसोसिएशन, इंदौर के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुंदरलाल पटवा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय की डीन डॉ. शशि गांधी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. चौहान, जिला तंबाकू नियंत्रण नोडल अधिकारी डॉ. लवी ऊकावत तथा डॉ. एम.एल. कश्यप की उपस्थिति में हुआ। अभियान की शुरुआत डॉ. शशि गांधी ने हस्ताक्षर कर की। इस दौरान उपस्थित लोगों को तंबाकू और निकोटीन की लत से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा तंबाकू नियंत्रण कानून-2003 के प्रभावी पालन का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में “निकोटीन और तंबाकू की लत से मुक्त होने” की थीम पर सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। आशा-उषा कार्यकर्ताओं, नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर डबको संस्था के अध्यक्ष विश्वास दुबे, मनोहर नाहटा, राजेश फरक्या, अकरम खान, राकेश सेन सम्राट सहित जिला चिकित्सालय का स्टाफ एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि तंबाकू से होने वाली बीमारियों और मौतों को रोकने के लिए जनजागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
