श्री पशुपतिनाथ मंदिर 66 वा पाटोत्सव -भागवत पोथी एवं कलश शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, बैंड-बाजों की धुन पर झूमे श्रद्धालु
भागवत पोथी एवं कलश शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, बैंड-बाजों की धुन पर झूमे श्रद्धाल
पशुपतिनाथ मंदिर के 20 दिवसीय पाटोत्सव के दूसरे दिन निकली भव्य शोभायात्रा, नागेश्वर सोनी परिवार सहित कोटा के श्रद्धालु बने आयोजन के सहभागी
मंदसौर। भगवान श्री पशुपतिनाथ मंदिर के 20 दिवसीय प्रतिष्ठा पर्व पाटोत्सव के अंतर्गत दूसरे दिन भागवत पोथी एवं कलश शोभायात्रा बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बैंड-बाजों की मधुर धुन और भजनों पर श्रद्धालुओं के आकर्षक नृत्य से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। भागवताचार्य पं. श्रीकृष्ण वल्लभ शास्त्री मालवा स्वामी के सानिध्य में आयोजित शोभायात्रा में सैकड़ों माता-बहनों ने सिर पर कलश धारण कर सहभागिता की। शोभायात्रा में युवा कथा व्यास पं. शिवम शर्मा पंचछेड़ वाले विशेष रूप से शामिल हुए। मार्ग में जगह-जगह उनका पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर पं. शिवम शर्मा पंच्छेड़ वाले के मुखारविंद से सप्तदिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं तीन दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का रसपान श्रद्धालुओं को कराया जाएगा। मंदिर सभागृह में प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक कथा एवं प्रवचन होंगे।कार्यक्रम में कोटा राजस्थान से पधारे श्री आनंद जैन विशेष रूप से शामिल हुए। अष्टमुखी भगवान श्री पशुपतिनाथ धार्मिक एवं सामाजिक सेवा संस्थान मंदसौर की ओर से उन्हें भगवान पशुपतिनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के वैशाली शहर से पधारे श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर ब्रह्मचारी परमहंसजी महाराज, श्रीपंच महाबुद्धपरमहंस अखाड़ा भी अपने अनुयायियों के साथ आयोजन में पहुंचे। संस्थान की ओर से उनका भी भगवान पशुपतिनाथ की तस्वीर भेंट कर सम्मान किया गया।
शोभायात्रा में सुदर्शन कॉलोनी, चंद्रपुरा सहित मंदसौर शहर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। इस धार्मिक आयोजन में नीलम मसाला उद्योग के प्रोपराइटर एवं संस्थापक नागेश्वर सोनी परिवार ने भी भागवत पोथी शोभायात्रा में सहभागिता कर धर्मलाभ लिया। वहीं कोटा राजस्थान से पधारे आनंद जैन श्रद्धालु परिवार मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भागवत पोथी पूजन एवं पोथी प्रदान कर भगवान पशुपतिनाथ के जयकारों के साथ धर्मलाभ अर्जित किया। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा एवं धार्मिक आयोजनों में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
0 49



