प्लॉट पर अतिक्रमण दर्ज करने के नाम पर मांगी रिश्वत, लोकायुक्त ने पटवारी को 2 हजार रुपये लेते रंगेहाथ पकड़ा
नीमच। मध्यप्रदेश में भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में उज्जैन लोकायुक्त की टीम ने शुक्रवार को नीमच जिले की मनासा तहसील के ग्राम खानखेड़ी में पदस्थ पटवारी जितेश मराठा को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि पटवारी ने फरियादी के दो प्लॉटों पर हुए अतिक्रमण को राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज करने के एवज में रिश्वत की मांग की थी।
16 हजार रुपये मांगे, 10 हजार में हुआ सौदा
लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खानखेड़ी निवासी तेजूदास बैरागी पिता ओमप्रकाशदास बैरागी ने 12 नवंबर को उज्जैन लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि उसके दो प्लॉटों पर अतिक्रमण किया जा रहा है। इस संबंध में राजस्व रिकॉर्ड में अतिक्रमण दर्ज कराने के लिए जब उसने हल्का पटवारी जितेश मराठा से संपर्क किया तो पटवारी ने प्रत्येक प्लॉट के हिसाब से 8 हजार रुपये, कुल 16 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद 10 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह पहले ही 3 हजार रुपये पटवारी को दे चुका था।
बाइक के बैग में रखे रुपये, तभी पहुंच गई लोकायुक्त टीम
शिकायत का सत्यापन कराने पर रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार 20 नवंबर को ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। इसके तहत फरियादी को रिश्वत की अगली किस्त के रूप में 2 हजार रुपये लेकर पटवारी के पास भेजा गया। पटवारी ने रुपये लेकर अपनी मोटरसाइकिल के बैग में रख लिए। इसी दौरान पहले से तैनात लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया और रिश्वत की राशि जब्त कर ली।
इन अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम रही शामिल
उज्जैन लोकायुक्त की इस कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, प्रधान आरक्षक कन्हैयालाल धनगर, आरक्षक शिवकुमार शर्मा एवं आरक्षक मोहम्मद इसरार शामिल रहे। मामले में लोकायुक्त पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हो रही लोकायुक्त की कार्रवाई के बावजूद शासकीय कार्यों के बदले रिश्वत मांगने के मामले सामने आना सरकारी व्यवस्था में भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण की चुनौती को दर्शाता है।