निशातपुरा थाना पुलिस ने अवैध रूप से 96 लाख की अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक आयशर ट्रक को जब्त किया, चालक गिरफ्तार
पुलिस को देखकर भागे चालक ने कार को मारी टक्कर, पीछा कर पीपुल्स मॉल के पास पकड़ा
भोपाल। निशातपुरा थाना पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर रहे एक आयशर ट्रक को जब्त किया है। ट्रक में अंग्रेजी शराब की 1075 पेटियां भरी हुई थीं, जिनकी कीमत करीब 96 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, ट्रक की कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर की रात सूचना मिली थी कि एक आयशर ट्रक गांधीनगर से करोंद की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने करोंद चौराहे पर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज रफ्तार से भागने लगा। इस दौरान आधार अस्पताल के पास ट्रक चालक ने एक कार को टक्कर मार दी और मौके से भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए पीपुल्स मॉल के पास ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें अंग्रेजी शराब की 1075 पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने शराब और ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।