Madhya Pardesh / उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में निर्माणाधीन कलेक्टर कार्यालय भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने सती गेट प्रमुख सवारी मार्ग का भी अवलोकन किया। आगामी सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं, सड़क चौड़ीकरण एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र है। सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए शहर में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों में उज्जैनवासियों का सहयोग सराहनीय रहा है। उन्होंने सिंहस्थ की तैयारियों में सहयोग के लिए उज्जैन के सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से की जा रही हैं।