भोपाल। मध्यप्रदेश, रतलाम से भोपाल आ रहे ग्राम पंचायत सचिवों एवं सहायक सचिवों की तूफान गाड़ी को देवास के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा मंगलवार देर रात करीब 2 बजे हुआ। दुर्घटना में दो सहायक सचिवों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी कर्मचारी भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित ग्राम पंचायत सहायक सचिवों के राज्य स्तरीय महासम्मेलन में शामिल होने आ रहे थे। इसी दौरान देवास के पास उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल देवास के अमलतास अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
मृतकों में सैलाना जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत करिया के सहायक सचिव लखन एवं ग्राम पंचायत कांगसी के सहायक सचिव हुर्जी मईड़ा शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही रतलाम से जनपद पंचायत के अधिकारी देवास पहूॅचें गए।
दुर्घटना के बाद रतलाम जिले में शोक की लहर फैल गई है। घायलों को तत्काल देवास के अमलतास अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।