मंदसौर पुलिस थाना नारायणगढ़ की बड़ी कार्रवाई : 402 किलो डोडाचूरा जब्त, स्कॉर्पियो-N सहित आरोपी गिरफ्तार
मंदसौर। मध्यप्रदेश, जिला मंदसौर, थाना नारायणगढ़ पुलिस ने डोडाचूरा तस्करों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा एवं स्कॉर्पियो-N वाहन जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 402 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है। वहीं कार्रवाई में प्रयुक्त महिन्द्रा स्कॉर्पियो-N कार, एक मोबाइल फोन सहित कुल लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं एसडीओपी मल्हारगढ़ जितेन्द्र भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पवार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार दिनांक 18 मई 2026 को सउनि के.एल. प्रजापति मय पुलिस बल ने मुखबिर सूचना पर भांगी पिपलिया से चौथखेड़ी रोड पर घेराबंदी कर महिन्द्रा स्कॉर्पियो-N क्रमांक RJ 14 UN 7855 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में रखे 20 प्लास्टिक कट्टों में भरा कुल 402 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी लालसिंह पिता कमलसिंह बौराना (34) निवासी दोरवाड़ी थाना नारायणगढ़ जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 130/26 धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में फरार आरोपी सुरेन्द्र बांछड़ा निवासी ग्राम डोडिया मीणा थाना वायडी नगर जिला मंदसौर की तलाश जारी है।
जप्त मशरूका :
- 402 किलो अवैध डोडाचूरा कीमत लगभग 8 लाख रुपये
- महिन्द्रा स्कॉर्पियो-N कार कीमत लगभग 25 लाख रुपये
- टेक्नो कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल कीमत लगभग 10 हजार रुपये
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
