भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की पात्र हितग्राहियों को रक्षाबंधन से पहले अतिरिक्त 250 रुपए शगुन के रूप में मिलेंगे। दीपावली के बाद भाई-दूज से लाड़ली बहनों को हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। राज्य सरकार संकल्प पूरा करते हुए आगामी चुनाव तक 3000 रुपए बहनों के खातों में भेजेगी। वहां 4 जुलाई को मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप और स्कूटी की राशि वितरित की जाएगी। शासकीय स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे बच्चों को किताब-कॉपी के साथ साइकिलें भी बांटी जा रही हैं। सांदीपनि विद्यालय के रूप में हमारी शिक्षा व्यवस्था को एक अनुपम सौगात मिल रही है। राज्य सरकार धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाएगी, वहां विजयादशमी पर शस्त्र पूजन भी भव्यता के साथ होगा। महेश्वर में लोकमाता के कार्यों का स्मरण करते हुए गत वर्ष शस्त्र पूजन किया गया था। यह आयोजन इस वर्ष भी होगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से किसानों को 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप दिए जा रहे हैं। प्रदेश के शासकीय अधिकारियों-कर्मचारी की 9 साल से अटकी पदोन्नति की प्रक्रिया को प्रारंभ करने की मंजूरी दी गई है। लगभग 2 लाख नए शासकीय पदों पर भर्ती की संभावना बनेगी। इसी के साथ प्रदेश स्तर पर 1 लाख पदों के लिए नई भर्तियों का अभियान चल रहा है। राज्य सरकार ने सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वालों को 25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की योजना शुरू की है। प्रदेश के गरीब-जरूरतमंदों को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस की सुविधा दी जा रही है।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, जनजातीय कार्य विभाग मंत्री कुंवर विजय शाह, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, प्रभारी मंत्री खण्डवा एवं संस्कृति पर्यटन धार्मिक न्यास राज्यमंत्री धर्मेन्द्र लोधी, पंचायत और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सांसद खंडवा ज्ञानेश्वर पटेल, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनीस, संत दादा गुरु सहित क्षेत्र के नगरीय निकायों और पंचायतों के पदाधिकारी उपस्थित थे।