मंदसौर। विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान द्वितीय चरण का ग्राम गल्याखेड़ी में शुभारंभ किया । शुभारंभ के अवसर पर हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, सीईओ जिला पंचायत कुमार सत्यम एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे ।
विधायक श्री सिसोदिया ने कहा कि नागरिकों को 15 विभागों की 67 सेवाओं का लाभ मिलेगा । जनसेवा अभियान में नागरिकों की सेवाओं का शत प्रतिशत निराकरण किया जाएगा। सरकार द्वारा जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। जिसमें सभी पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल रहा है । प्रदेश के मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना प्रारंभ की है जिसमें पात्र महिलाओं को 1 हजार रूपये प्रतिमाह मिलेंगे । जिससे महिलाएं और सशक्त होगी। 10 जून से लाड़ली बहना के खाते में पहली किस्त आना शुरू होगी । यह योजना बहनों के सशक्तिकरण के लिए अद्भुत योजना है ।