पुलिस इनामी बदमाश की घर मे संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने सीतामऊ में धरना देकर पुलिस पर लगाए संगीन आरोप, मंदसौर मे पीएम जांच पर माने
मंदसौर। मध्यप्रदेश, मिला मंदसौर, तहसील सीतामऊ के गांव सुरजनी निवासी एक ईनामी बदमाश की संदिग्ध अवस्था मे हुई मृत्यु के बाद तृत्क के परिजनों ने सीतामऊ के लदुना चौराहा पर धरना प्रदर्शन किया। सीतामऊ थाना क्षेत्र में कुद समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई। मृतक की पहचान भय्यू उर्फ वाहिद के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजन लदुना चौराहे पर धरने पर बैठ गए और निष्पक्ष व पारदर्शी जांच की मांग उठाई। परिवारजन मृतक का पीएम सीतामऊ कि बजाय मंदसौर करवाने के आश्वासन के बाद लदूना चौराहे धराना से उठे।
क्या है पूरा घटनाक्रम
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना बीती शाम की है। बताया जा रहा है कि भय्यू पूर्व के कुछ प्रकरणों में फरार चल रहा था। उसे पकड़ने के उद्देश्य से पुलिस टीम सीतामऊ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरजनी स्थित उसके निवास पर पहुंची थी। बताया जाता है कि पुलिस की भनक लगते ही वह घर में रखी एक लोहे की पेटी में छिप गया। आशंका जताई जा रही है कि पेटी के भीतर दम घुटने से उसकी मृत्यु हो गई।
परिजनों के आरोप
मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घर में प्रवेश कर मारपीट की और 25 लाख रुपये की मांग की। साथ ही घर में लगा डीवीआर भी अपने साथ ले जाने की बात कही जा रही है। परिजनों ने घटना को संदिग्ध करार देते हुए न्यायिक जांच तथा दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मौके पर पुलिस की तैनाती
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसडीओपी दिनेश प्रजापति, शामगढ़ थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय एवं सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति सहित आसपास के थानों का बल मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों द्वारा परिजनों से संवाद कर हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मामले की जांच प्रक्रिया जारी है। पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। एहतियातन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।