25 दुधारू गाय या भैंस की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता, मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाने का लक्ष्य, दो साल में दुग्ध संकलन 52 लाख किलो प्रतिदिन होगा – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति, गौवंश और हमारी समृद्ध परंपराओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। गौपालन केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार भी है। सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में मध्यप्रदेश को देश की मिल्क कैपिटल बनाना है। इसके लिए दुग्ध संकलन क्षमता 12 लाख से बढ़ाकर 52 लाख किलोग्राम प्रतिदिन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
मुख्यमंत्री सोमवार को भोपाल के रवीन्द्र भवन में आयोजित राज्यस्तरीय गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में श्वेत क्रांति 2.0 के तहत डेयरी सहकारिता को मजबूत किया जा रहा है। गौसेवा के साथ पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि भी सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश में गौ-एम्बुलेंस की संख्या बढ़ाने के साथ आधुनिक और आत्मनिर्भर गौशालाओं का विकास किया जाएगा।
गौशालाओं को 65.66 करोड़ और पशुपालकों को 2.95 करोड़ रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में निवासरत 5.51 लाख से अधिक गौवंश के भरण-पोषण के लिए 65.66 करोड़ रुपये की अनुदान राशि अंतरित की। वहीं गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत 466 उत्कृष्ट पशुपालकों को कुल 2.95 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। गौशालाओं में प्रति गाय मिलने वाली अनुदान राशि भी 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है।
डॉ. यादव ने बताया कि भोपाल में उन्नत नस्ल की गायों के भ्रूण उत्पादन के लिए केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां प्रतिवर्ष एक लाख भ्रूण तैयार होंगे। इसके अलावा बरखेड़ी डोब में 10 हजार गौवंश क्षमता वाली हाईटेक गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत 25 दुधारू गाय या भैंस की इकाई स्थापित करने पर 42 लाख रुपये तक की ऋण सहायता और 13.86 लाख रुपये तक का अनुदान दिया जा रहा है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट पशुपालकों, दुग्ध उत्पादकों और गौसेवकों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रदेशवासियों से गौवंश संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने गोवर्धन भगवान का पूजन, परिक्रमा और आरती की। मुख्यमंत्री निवास स्थित गौशाला में भी गौपूजन एवं गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया।