भोपाल में सफाई कर्मचारियों की तीन दिन से चल रही हड़ताल समाप्त, मुख्यमंत्री मोहन यादव से चर्चा के बाद आज काम पर लौटे कर्मचारी
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने तीन दिनों से जारी अपनी हड़ताल समाप्त कर दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई चर्चा और मांगों पर सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने काम पर वापसी कर ली। गुरुवार (6 नवंबर) को हुई इस बातचीत के बाद शहर में सफाई व्यवस्था फिर से सामान्य होने की उम्मीद है।
स्वच्छता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मगन झांझोट ने बताया कि कर्मचारियों ने 3 नवंबर से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था और बाद में काम बंद कर दिया था। इस दौरान मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों के साथ लगातार बातचीत चल रही थी।
झांझोट के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ हुई चर्चा में कर्मचारियों की वेतन वृद्धि और नियमितीकरण सहित विभिन्न मांगें रखी गईं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मिल रहे 10 हजार रुपये के मानदेय में परिवार का गुजारा करना मुश्किल है। संगठन की ओर से मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये करने की मांग रखी गई है।
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक कमेटी गठित की है, जिसमें संगठन के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री की ओर से एक माह के भीतर मांगों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया है।
स्वच्छता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मगन झांझोट ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री, मंत्री कृष्णा गौर, महापौर मालती राय सहित शासन-प्रशासन के सभी अधिकारियों का आभार जताया।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने से भोपालवासियों को राहत मिली है। अब सभी की नजरें गठित कमेटी की आगामी कार्रवाई और कर्मचारियों की मांगों पर होने वाले फैसले पर टिकी हैं।