नीमच। मध्यप्रदेश, नीमच में दीपावली पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मनासा एवं जावद में संयुक्त टीम ने मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण कर छह प्रतिष्ठानों से कुल 31 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए।
मनासा में तीन प्रतिष्ठानों से 15 नमूने लिए
एसडीएम मनासा के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने महेश्वरम कॉलोनी स्थित गोपी स्वीट्स, मंदसौर नाका स्थित श्री बालू स्वीट्स एंड नमकीन तथा बैरागी भोजनालय का निरीक्षण किया। इस दौरान तीनों प्रतिष्ठानों से मावा, गुलाब जामुन, क्रीम बर्फी, केसर बर्फी, पनीर, मिल्क केक, काजू मिठाई, मैसूर पाक, मावा लड्डू, मोतीचूर लड्डू सहित कुल 15 नमूने लिए गए।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका ने गोपी स्वीट्स एवं श्री बालू स्वीट्स एंड नमकीन पर नियमों के तहत 2-2 हजार रुपए का स्पॉट फाइन लगाया। वहीं, बैरागी भोजनालय में दूध का टेस्टिंग किट से परीक्षण किया गया, जिसमें हानिकारक पदार्थों की मिलावट नहीं पाई गई।
जावद में तीन दुकानों से 16 नमूने एकत्रित
एसडीएम जावद संजीव साहू के मार्गदर्शन में स्थानीय प्रशासन एवं खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने मीना मिष्ठान भंडार, शानू रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान भंडार तथा जापत स्वीट्स का निरीक्षण किया।
इस दौरान मीना मिष्ठान भंडार से बेसन चक्की, काजू कतली, मूंगफली तेल, मावा लड्डू एवं सेव नमकीन सहित छह नमूने लिए गए। शानू रेस्टोरेंट एवं मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, गुलाब जामुन, चॉकलेट बर्फी, बालूशाही एवं मलाई बर्फी के पांच नमूने तथा जापत स्वीट्स से मावा, मावा बर्फी, बेसन चक्की, गुलाब जामुन एवं इमरती के पांच नमूने जांच के लिए लिए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे नमूने, रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
मनासा में संग्रहित खाद्य पदार्थों के नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, ईदगाह हिल्स भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मनासा में कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजेंद्र नाथ, नगर पालिका सीएमओ एवं उनकी टीम मौजूद रही। वहीं, जावद में नायब तहसीलदार नवीन छल्लोत्रे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यशवंत शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में निरीक्षण और नमूना संग्रहण अभियान लगातार जारी रहेगा।