मंदसौर जिले में पुलिस की कार्रवाईः सट्टा, साइबर ठगी, अवैध शराब और हथियार के मामलों में आरोपियों पर शिकंजा
मंदसौर। मध्यप्रदेश, मंदसौर जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अपराधियों एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई। दलौदा और सुवासरा थाना क्षेत्रों में हुई अलग-अलग कार्रवाइयों में सट्टा गतिविधियों, साइबर धोखाधड़ी, अवैध शराब और अवैध हथियार से जुड़े मामले सामने आए हैं।
दलौदा में सट्टा गतिविधियों पर कार्रवाई, दो आरोपी पकड़े
दलौदा पुलिस ने कृषि उपज मंडी के पास कार्रवाई करते हुए घनश्याम पिता जगदीश चौधरी (42 वर्ष), निवासी नई फतेहगढ़ को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से सट्टा सामग्री एवं 470 रुपए नकद जब्त किए गए। वहीं, दूसरी कार्रवाई में तहसील कार्यालय के सामने से महेश पिता हरिशंकर मोची (38 वर्ष), निवासी खटीक मोहल्ला, बालागंज मंदसौर को पकड़ा गया। उसके कब्जे से सट्टा अंक लिखी पर्चियां एवं 370 रुपए नकद जब्त किए गए। दोनों मामलों में सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 4(क) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।
साइबर ठगी के दो मामले दर्ज
दलौदा क्षेत्र में साइबर धोखाधड़ी के दो मामले सामने आए हैं। ग्राम पिपलियामुजावर निवासी राजाराम पिता बरीलाल धनगर (38 वर्ष) के साथ 1 जुलाई 2026 को साइबर धोखाधड़ी की घटना हुई थी। पुलिस ने 4 नवंबर को अज्ञात आरोपी के खिलाफ ठछै की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया।
वहीं, प्रगति चौराहा दलौदा निवासी रईस खान पिता खान मोहम्मद पठान (34 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि 7 अक्टूबर 2026 को अज्ञात आरोपी ने साइबर फ्रॉड कर उससे 30 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। पुलिस ने इस मामले में भी ठछै की धारा 318(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है।
अवैध कच्ची शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार
दलौदा पुलिस ने हाईवे सिंह बोर्ड कॉलोनी में कार्रवाई करते हुए राकेश पिता रामलाल सुवांशी (42 वर्ष), निवासी मंडी गेट के पास दलौदा को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 5 लीटर हाथ भट्टी की कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 500 रुपए बताई गई है। पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 के तहत मामला दर्ज किया।
सुवासरा में धारदार छुरे के साथ आरोपी पकड़ा
सुवासरा पुलिस ने टोकड़ा रोड स्थित ईंट भट्टे के सामने कार्रवाई करते हुए धारासिंह पिता भवानीसिंह, निवासी ग्राम भेसोला को धारदार लोहे के छुरे के साथ पकड़ा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 200 रुपए कीमत का छुरा जब्त कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत प्रकरण दर्ज किया।
पुलिस द्वारा सभी मामलों में वैधानिक कार्रवाई करते हुए जांच की जा रही है।