सेवा संकल्प अभियान के तहत लखमा खेड़ी में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का शुभारंभ
मंदसौर। मध्यप्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री तथा मंदसौर जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों की उचित देखभाल और पोषण हम सभी की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे।
प्रभारी मंत्री शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत लखमा खेड़ी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम में कलेक्टर दिव्यांक सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका गिरी गोस्वामी, जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग अंकिता पंड्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. द्विवेदी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बच्चे एवं उनकी माताएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया तथा मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण भी किया गया।
स्वस्थ माता से ही स्वस्थ शिशु
प्रभारी मंत्री भूरिया ने कहा कि बच्चों को बेहतर देखभाल और पोषण मिले, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी प्राथमिकता है। बच्चों के साथ उनकी माताओं के स्वास्थ्य का भी समुचित ध्यान रखा जाना चाहिए, क्योंकि स्वस्थ माता से ही स्वस्थ शिशु का विकास संभव है।
उन्होंने कहा कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम प्रदेश की प्रत्येक आंगनबाड़ी में आयोजित किया जा रहा है। बच्चों की बेहतर देखभाल में माता के साथ परिवार के अन्य सदस्यों और पिता की भी महत्वपूर्ण भूमिका है।
कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने कहा कि बच्चों की समुचित देखभाल एक चुनौतीपूर्ण कार्य है। यह प्रसन्नता की बात है कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों की देखभाल और पोषण के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रमाकांता शर्मा, सहायिका श्यामा बाई, कार्यकर्ता मालवी, लाड़ली बहना अनीता निनामा, पोषण सखी नैना, सहयोगिनी कलाबाई तथा सुपोषण दल की पायल को सम्मानित किया।
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में विजेता बच्चों पृथ्वीराज, मंगलेश एवं सृष्टि को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में लाड़ली बहना एवं लाड़ली लक्ष्मी बालिका द्वारा सफलता की कहानी का प्रस्तुतीकरण किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया। प्रभारी मंत्री ने टीबी रोगियों को निक्षय मित्र किट वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री ने लखमा खेड़ी आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पौधारोपण भी किया।