Madhya Pardesh/ मंदसौर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में शुक्रवार शाम शहर में उपभोक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों से स्मार्ट मीटर निकालकर सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर रख दिए और शाम करीब 6 बजे चक्का जाम कर दिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर ने किया। उनके साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल रहे। लगातार हो रही बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे और बिजली कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। चक्का जाम के कारण शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (MPPKVVCL) के स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने और स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने भी बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में बिजली कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। टिगरिया क्षेत्र के रहवासियों ने अधिकारियों का घेराव करते हुए बिजली विभाग पर मनमाने बिल जारी करने का आरोप लगाया।
इस दौरान जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर ने कहा कि उन्होंने अपने घर का स्मार्ट मीटर हटाकर आंदोलन की शुरुआत की है। उन्होंने लोगों से भी इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि उपभोक्ता एकजुट होकर आवाज उठाएंगे, तभी सरकार और बिजली कंपनी इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान देगी।
देर शाम तक प्रदर्शन जारी रहा। आंदोलनकारी रात करीब 8.30 बजे तक सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर डटे रहे और प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर उनकी मांगों पर निर्णय लेने का इंतजार करते रहे।
गौरतलब है कि स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर पिछले एक महीने में यह तीसरा बड़ा विरोध प्रदर्शन है। इससे पहले भी उपभोक्ताओं ने प्रदर्शन कर बिजली कंपनी और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से प्रदर्शन और मांगों को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

