अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्कर पर मंदसौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, PIT-NDPS एक्ट के तहत शानु उर्फ शाहनवाज गिरफ्तार, केंद्रीय जेल इंदौर भेजा
मंदसौर। अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्कर शानु उर्फ शाहनवाज पिता जमिल खान पठान निवासी नाटाराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम 1988 (PIT-NDPS Act) के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। 
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सीतामऊ निरीक्षक कमलेश प्रजापति ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस द्वारा तैयार प्रतिवेदन जिला दंडाधिकारी मंदसौर के माध्यम से आयुक्त उज्जैन को भेजा गया था, जिसके आधार पर आरोपी के विरुद्ध PIT-NDPS एक्ट के तहत निरोधात्मक आदेश जारी किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ कुल 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें 5 मामले अवैध मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित हैं। उसके खिलाफ मंदसौर जिले के अफजलपुर, सीतामऊ, सुवासरा सहित राजगढ़ जिले के ब्यावरा थाने में भी अपराध दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही।
मंदसौर पुलिस की जनसुनवाई में 52 शिकायतों का त्वरित निराकरण
एसपी विनोद कुमार मीणा ने अधिकारियों को दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मंदसौर। जिला पुलिस कंट्रोल रूम मंदसौर में आमजन की शिकायतों के त्वरित एवं विधिसंगत निराकरण के उद्देश्य से जनसुनवाई शिविर आयोजित किया गया। जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने स्वयं 52 आवेदकों की समस्याएं सुनकर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण पुलिस की प्राथमिकता है तथा प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ हेमलता कुरील, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र भास्कर, एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति, थाना प्रभारी कोतवाली पुष्पेंद्र सिंह राठौर, थाना प्रभारी यशोधर्मन नगर शिवांशु मालवीय एवं थाना प्रभारी नई आबादी कुलदीप सिंह राठौड़ उपस्थित रहे।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━
