धार, रतलाम, मंदसौर एवं नीमच जिलों के अंतर्गत लेबड़–जावरा–नयागांव फोरलेन मार्ग पर 1500 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज, यातायात संबंधी कई कमियां हैं, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है
लेबड़–जावरा–नयागांव फोरलेन पर 3 वर्षों में 1500 से अधिक दुर्घटनाएं, सर्विस लेन विस्तार अत्यावश्यक – विधायक विपिन जैन
भोपाल। । बजट सत्र के दौरान क्षेत्र के विधायक विपिन जैन ने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से लेबड़–जावरा–नयागांव फोरलेन मार्ग पर विगत तीन वर्षों में हुई सड़क दुर्घटनाओं की विस्तृत जानकारी मांगी । प्राप्त जानकारी के अनुसार धार, रतलाम, मंदसौर एवं नीमच जिलों के अंतर्गत इस फोरलेन मार्ग पर 1500 से अधिक सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं ।
विधायक श्री जैन ने कहा कि उक्त फोरलेन मार्ग पर कई संरचनात्मक एवं यातायात संबंधी कई कमियां हैं, जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है । इस फोरलेन का निर्माण लगभग दो दशक पूर्व उस समय की जनसंख्या एवं यातायात भार को ध्यान में रखकर किया गया था, किन्तु वर्तमान में मार्ग से जुड़े शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों की आबादी में उल्लेखनीय वृद्धि हो चुकी है ।
श्री जैन ने विशेष रूप से सर्विस लेन के विस्तार की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि अनेक स्थानों पर सर्विस लेन के अभाव या अपर्याप्त चौड़ाई के कारण स्थानीय यातायात सीधे मुख्य मार्ग पर आ जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं का एक प्रमुख कारण समुचित सर्विस लेन व्यवस्था का अभाव है । विभाग द्वारा भी जनसंख्या वृद्धि और यातायात दबाव में बढ़ोतरी को स्वीकार किया गया है, हालांकि सर्विस लेन के विस्तार संबंधी अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाना बताया गया है।
विधायक श्री जैन ने शासन एवं प्रशासन से मांग की है कि जनहित एवं सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए तथा फोरलेन के किनारे स्थित शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्विस लेन का विस्तार सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके ।