मंदसौर पासपोर्ट कार्यालय कई वर्षों से स्वीकृत हो चुका, अभिलंब पासपोर्ट कार्यालय की शुरुआत हो-कांग्रेस
मंदसौर। मध्यप्रदेश, विगत कई वर्षों से मन्दसौर में स्वीकृत पासपोर्ट कार्यालय प्रारंभ नहीं हो पा रहा है । इस संबंध में कई बार नागरिकों व राजनैतिक कार्यकर्ताओं द्वारा जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों को पत्र लिखे गए लेकिन उसके बावजूद भी पासपोर्ट कार्यालय शुरू नहीं होने से क्षेत्र के नागरिकों को अनेक असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है ।
बुधवार को इस संबंध में शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष डॉ राघवेन्द्रसिंह तोमर ने मंदसौर कलेक्टर को पत्र लिखकर स्वीकृत पासपोर्ट कार्यालय को त्वरित कार्रवाई करते हुए जल्द से जल्द मंदसौर में शुरू करने की मांग की है । डॉ तोमर ने पत्र की एक प्रति मंदसौर के विधायक विपिन जी जैन को भेज कर उनसे भी इस संबंध में कार्रवाई करने का अनुरोध किया है ।
मामले की जानकारी देते हुए डॉ तोमर ने बताया कि मंदसौर पासपोर्ट कार्यालय कई वर्षों से स्वीकृत हो चुका है पहले स्थान के अभाव में शुरू नहीं हो पा रहा था अब स्थान उपलब्ध होने के बाद भी कार्यालय शुरू होने में विलंब हो रहा है । जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को चाहिए कि अभिलंब पासपोर्ट कार्यालय की शुरुआत हो ताकि मंदसौर जिले के नागरिकों को असुविधा से बचाया जा सके तथा उनके समय व धन की हानि से भी बचाया जा सके ।
पासपोर्ट कार्यालय मंदसौर में न होने के कारण मन्दसौर जिले के नागरिकों को अभी बाहर जाना पड़ता है,जिससे उनके समय व धन की हानि होती है । मंदसौर में पासपोर्ट कार्यालय प्रारंभ होने के पश्चात मंदसौर के नागरिकों को सुविधा मिलेगी ।