प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अमृत भारत रेलवे स्टेशनों शिलान्यास समारोह में वी.सी. द्वारा संबोधन दिया
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा से कार्यक्रम में शामिल हुए
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आजादी के अमृत काल के प्रारंभ में ही भारत विकसित राष्ट्र होने की दिशा में नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नये संकल्प के साथ तेजी से कदम बढ़ा रहा है। भारतीय रेलवे के इतिहास में आज एक नये अध्याय की शुरूआज हो रही है, जब 25 हजार करोड़ रूपये की लागत से भारत के 508 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकता के साथ विकास और पुनर्निमाण कार्य प्रारंभ हो रहा है। “अमृत भारत रेलवे स्टेशनों योजना” में देश के 1300 स्टेशनों का विकास किया जाएगा। इस उपलब्धि के लिये मैं रेलवे मंत्रालय की सराहना करता हूँ और सभी देशवासियों को बधाई देता हूँ।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज अमृत भारत रेलवे स्टेशनों योजना अंतर्गत मध्यप्रदेश के विदिशा सहित देश के 508 रेलवे स्टेशनों के पुनर्निमाण कार्य के शिलान्यास कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधन दे रहे थे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि इस योजना में भारत के सभी राज्य लाभान्वित होंगे। मध्यप्रदेश में 1000 करोड़ रूपये की लागत से 34 रेलवे स्टेशनों का विकास और पुनर्निमाण किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में 4500 करोड़ रूपये की लागत से 55 रेलवे स्टेशनों का और महाराष्ट्र में 1500 करोड़ रूपये की लागत से 44 रेलवे स्टेशनों का विकास होगा। राजस्थान में 55 रेलवे स्टेशनों काविकास होगा। तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और उत्तर पूर्व के राज्यों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।
