चित्रकूट में तड़के 3 बजे हुआ हादसा, स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर बचाए कार सवार, पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया
कानपुर के श्रद्धालु शारदा माता के दर्शन के लिए जा रहे थे मैहर, हादसे की खबर से परिजनों में मातम
SATNA / चित्रकूट। मैहर स्थित मां शारदा के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो कार चित्रकूट क्षेत्र में झुरी नदी में गिर गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। दुर्घटना रविवार तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है। कार सवार सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे और मैहर में मां शारदा के दर्शन करने जा रहे थे।
नदी में कार गिरते ही लोगों ने शुरू किया बचाव
जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर झुरी नदी में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि चार अन्य घायल हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
मृतकों की हुई पहचान- हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की पहचान सुनील गुप्ता और हिमांशु सिंह सेंगर के रूप में हुई है। सुनील गुप्ता, पिता मूलचंद गुप्ता, उम्र लगभग 50 वर्ष, निवासी द्विवेदी नगर, गल्ला मंडी, थाना नौबस्ता, कानपुर, उत्तर प्रदेश। हिमांशु सिंह सेंगर, पिता स्वर्गीय दिनेश सिंह सेंगर, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर, उत्तर प्रदेश। दोनों की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में शोक छा गया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
चार श्रद्धालु घायल
दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं की पहचान इस प्रकार बताई गई हैर- राजकुमार गुप्ता, पिता सूरज बली गुप्ता, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम टेढ़ा, थाना मारूहा, सुमेरपुर, जिला हमीरपुर, उत्तर प्रदेश। गोपाल तिवारी, पिता राजकुमार तिवारी, उम्र 42 वर्ष, निवासी संजय गांधी नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर, उत्तर प्रदेश। दीपक तिवारी, पिता पवन कुमार तिवारी, उम्र 35 वर्ष, निवासी नौबस्ता, थाना बिधनू, जिला कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश। राहुल पांडे, पिता रमेश चंद पांडे, उम्र 35 वर्ष, निवासी गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर, उत्तर प्रदेश। चारों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई थी। हालांकि, वाहन के अनियंत्रित होने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया परिजनों के पहुंचने के बाद पूरी की जाएगी। नवरात्रि के पहले दिन मां शारदा के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे ने उनके परिवारों को गहरे शोक में डाल दिया है।