भोपाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा स्टेटमेंट जारी किए जाने के बाद मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नीट पेपर लीक कांड के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
पूर्व विधायक पीसी शर्मा ने बताया कि, नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, प्रतिभा और भविष्य पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। युवाओं के सपनों के साथ हो रहे अन्याय एवं परीक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के विरोध में आज भोपाल जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित मशाल जुलूस में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में अपना विरोध दर्ज कराया। यह संघर्ष केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि देश के युवाओं के विश्वास, परिश्रम और भविष्य की रक्षा का है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बन्धु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैतूल जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में मशाल जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया।
मंदसौर में कांग्रेस ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में निकाला मशाल जुलूस
मंदसौर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्रसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल टूट रहा है। नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हुए कथित अन्याय के विरोध में शनिवार शाम कांग्रेस ने मंदसौर में मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान दोषियो पर सख्त कार्यवाही की मंाग की गई।
शनिवार की शाम 7.15 बजे बाद कांग्रेस ने नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण और विद्यार्थियों के भविष्य के साथ हुए कथित अन्याय के विरोध गांधी चौराहा से मशाल जुलूस निकाला। दरअसल प्रदेश कांग्रेस ने जिला मुख्यालय पर मशाल जुलूस निकालने के निर्देश दिए थे। इस दौरान केन्द्र सरकार और परीक्षा व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। मशाल जुलूस गांधी चौराहा से युवराज क्लब रोड, बस स्टेण्ड, भारत माता चौराहा, कालीदास मार्ग, घंटाघर, कालाखेत, होटल नीलम रोड, दयामंदिर रोड होकर पुनः गांधी चौराहा पहुंचा। इस दौरान कांग्रेसजनो के हाथो में मशाले रही। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्रसिंह गुर्जर ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से मेहनत करने वाले विद्यार्थियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने कहा कि अब तक 80 बार पेपर लीक हो गए है। केन्द्र की भाजपा सरकार 22 लाख छात्रों का हित करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि मंदसौर जिले के भी 1200 विद्यार्थी प्रभावित हुए है। पुर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रकाश रातडिया ने कहा कि नीट की परीक्षा का पेपर लीक होना दुर्भाग्य पूर्ण है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाना चाहिए। संचालन जिला संगठन महासचिव अजय लोढ़ा ने किया।
