छत्तीसगढ़ से राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया
रायपुर। राज्यसभा चुनाव में छत्तीसगढ़ से भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया।
छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवारों ने विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। राज्यसभा की इस सीट के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। चुनाव को लेकर दोनों ही दलों ने अपनी रणनीति तेज कर दी है और विधायकों के साथ लगातार बैठकें भी की जा रही हैं।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा ने भी विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले लक्ष्मी वर्मा भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचीं, जहां उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के साथ भाजपा के महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका आशीर्वाद लिया।
इसके बाद लक्ष्मी वर्मा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य भाजपा नेताओं के साथ विधानसभा पहुंचीं और नामांकन दाखिल किया।
वही कांग्रेस की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार फूलों देवी नेताम नामांकन दाखिल करने विधानसभा पहुंचीं। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कांग्रेस के कई विधायक मौजूद रहे। फूलों देवी नेताम दूसरी बार राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं और पार्टी नेताओं ने उनके नामांकन के दौरान एकजुटता दिखाई।