मंदसौर में दीपावली पर्व पर कॉलेज ग्राउंड में सजा पटाखा बाजार;सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, फायर ब्रिगेड और ट्रैफिक पुलिस अलर्ट
Madhya Pardesh / मंदसौर। दीपावली पर्व को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शहर के पीजी कॉलेज ग्राउंड में पटाखा बाजार सजाया गया है, जहां सुरक्षा के लिहाज से विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदसौर। दीपावली पर्व के मद्देनजर मंदसौर के कॉलेज ग्राउंड स्थित पटाखा बाजार का एसडीएम शुभम राठौर, सीएसपी जितेंद्र सिंह भास्कर एवं वायडी नगर थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्र, रेत की बाल्टियां, पानी के ड्रम, फायर ब्रिगेड की उपलब्धता एवं यातायात व्यवस्था सहित अन्य सुरक्षा इंतजामों का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए। पटाखा दुकानों के बाहर फायर एक्सटिंग्विशर, रेत से भरी बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी लगातार निगरानी कर रही है।
पटाखा बाजार में सुरक्षा के विशेष इंतजाम
मंदसौर के पीजी कॉलेज स्थित खेल मैदान में पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं। यहां प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दुकानदारों को अग्नि सुरक्षा के साधन उपलब्ध रखने और सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बाजार में अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की दुकानें सजी हैं, जहां ग्राहकों की भीड़ और खरीदारी का उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्रीकोंल्ड से कृषि मंडी तक ट्रैफिक पुलिस की निगरानी
दीपावली पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने भी यातायात व्यवस्था संभालने के इंतजाम किए हैं। शहर के व्यस्ततम मार्ग श्रीकोल्ड से कृषि मंडी तक विशेष सावधानी बरती जा रही है। इसके अलावा व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी संचालकों को दुकानों का सामान निर्धारित सीमा में रखने के लिए मुनादी के माध्यम से समझाइश दी जा रही है, ताकि सड़क पर आवागमन बाधित न हो और यातायात सुचारू बना रहे।
व्यापारियों और ग्राहकों में पटाखों की खरीदारी को लेकर उत्साह
शिवांश पटाखा व्यापारी सुरेंद्र राठौर ने बताया कि दीपावली पर्व को लेकर व्यापारियों और ग्राहकों में काफी उत्साह है। खुदरा खरीदारी में भी तेजी आई है। इस बार फैंसी पटाखों और यूनिक पटाखों की मांग अधिक है। बच्चों को आकर्षित करने वाले खिलौना रूपी पटाखे भी बाजार में उपलब्ध हैं। अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की अच्छी मांग है। रंग-बिरंगे पटाखे ग्राहकों को खास पसंद आ रहे हैं और दुकानों पर अच्छी ग्राहकी देखने को मिल रही है। फटाखा व्यापारी राजू सोलंकी ने बताया कि प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए दुकानों के बाहर फायर एक्सटिंग्विशर, रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम रखे गए हैं।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती
त्योहार के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन और पुलिस की कोशिश है कि नागरिक सुरक्षित माहौल में दीपावली की खरीदारी और त्योहार का आनंद ले सकें।
शहर में यातायात व्यवस्था बदली,
5 से 8 नवंबर तक लागू रहेंगे प्रतिबंध मंदसौर।दीपावली पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने 5 नवंबर से 8 नवंबर तक नई व्यवस्था लागू की है।कालिदास मार्ग, घंटाघर, सदर बाजार में सुबह 10 से रात 9 बजे तक ऑटो और चार पहिया वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। भारत माता चौराहा, शुक्ला चौक, जगतपुरा चौराहा, प्रतापगढ़ पुलिया सहित कई स्थानों से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा।पार्किंग के लिए कालाखेत मैदान और प्रतापगढ़ पुलिया के पास खाली मैदान का उपयोग करें। व्यापारियों से माल सुबह 10 बजे से पहले या रात 9 बजे बाद अनलोड करने का अनुरोध किया गया है। दोपहिया वाहनों का आवागमन यथावत रहेगा।