Madhya Pardesh / मंदसौर। पुलिस मुख्यालय के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीतामऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत 10 लाख 59 हजार रुपये बताई गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रामस्नेही मिश्रा एवं एसडीओपी दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
9 अगस्त की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सीतामऊ-मंदसौर रोड स्थित नागराज खेड़ा में देवनारायण मंदिर के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप क्रमांक उमपी14जेडजी 6942 आती दिखाई दी। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक वाहन को मोड़कर सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें 34 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा कुल 529 किलो 690 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने डोडाचूरा सहित करीब 5 लाख रुपये कीमत की बोलेरो पिकअप जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना सीतामऊ में अपराध क्रमांक 426/2026, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश प्रजापति एवं सीतामऊ पुलिस की विशेष टीम का सराहनीय योगदान रहा।