मंदसौर-आबकारी विभाग ने मदिरा दुकानों में अनियमितताओं पर की कड़ी कार्रवाई, जनवरी 2026 तक विभिन्न प्रकरणों में 55.22 लाख रुपये की शास्ति अधिरोपित
मंदसौर । 17 फरवरी 2026/ कलेक्टर अदिती गर्ग के मार्गदर्शन में जिला आबकारी विभाग द्वारा जिले में संचालित विभिन्न कम्पोजिट मदिरा दुकानों के विरुद्ध अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी रामहंस पचौरी ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा निर्धारित दरों पर मदिरा विक्रय सुनिश्चित करने एवं अन्य अनियमितताओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से विभागीय कार्यबल द्वारा निरंतर निरीक्षण एवं टेस्ट परचेस की कार्रवाई की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के आधार पर पंजीबद्ध विभागीय प्रकरणों में माह जनवरी 2026 तक कुल 55,22,582 रुपये की शास्ति संबंधित कम्पोजिट मदिरा दुकानों के लाइसेंसधारियों पर अधिरोपित की गई है। उक्त राशि की वसूली ई-आबकारी पोर्टल के माध्यम से की जा रही है।
मंदसौर जिले में मदिरा का विक्रय शासन द्वारा निर्धारित दरों पर सुनिश्चित करने एवं प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए जिला आबकारी कार्यबल द्वारा निरंतर सघन जांच एवं कार्रवाई जारी रहेगी।