रतलाम। मध्यप्रदेश, आलोट जिला रतलाम मे युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, रतलाम द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट 2026-27 का आयोजन 17 अक्टूबर 2026 को विकासखंड आलोट के सांदीपनि विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘नशा मुक्त युवा’ रही, जिसमें लगभग 150 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि युवा संसद का मुख्य उद्देश्य युवाओं को सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना, उन्हें अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करना तथा नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से नशामुक्त समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद उपाध्यक्ष आलोट महेंद्र सिंह सोलंकी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पुष्पराज सिंह सोलंकी, विधायक प्रतिनिधि मोहक मेहता, आलोट यातायात थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह, विद्यालय प्राचार्य फिरोज खान, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के विकासखंड समन्वयक दुर्गा शंकर मोयल, कल्पना शर्मा, ईशीका खींची तथा मेरा युवा भारत के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भेरू सिंह सोलंकी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने युवाओं को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए इससे दूर रहने की अपील की। साथ ही युवाओं को अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
युवा संसद में युवाओं ने सामाजिक जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जागरूक युवा ही स्वस्थ समाज, मजबूत लोकतंत्र और सशक्त भारत की नींव हैं।
कार्यक्रम का संचालन गोपाल पोरवाल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन मेरा युवा भारत के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर भेरू सिंह सोलंकी ने किया।
