माकड़ोन अनाज मंडी में लोकायुक्त की कार्रवाई, उप निरीक्षक और आउटसोर्स कर्मचारी 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, प्रति बोरी 10 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप, पैसे नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ी रोकने की दी थी धमकी

उज्जैन/माकड़ोन। उज्जैन लोकायुक्त पुलिस की टीम ने शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026 को माकड़ोन अनाज मंडी में कार्रवाई करते हुए मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य और उसके साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि मंडी उप निरीक्षक सोयाबीन खरीदने वाले व्यापारी से प्रत्येक बोरी के हिसाब से 10 रुपये की रिश्वत मांग रहा था। राशि नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ी नहीं जाने देने की धमकी भी दी गई थी।
मंडी शुल्क देने के बावजूद मांगी जा रही थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, ग्राम रूपाखेड़ी, जिला उज्जैन निवासी व्यापारी योगेश राठौर ने 14 अक्टूबर 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह माकड़ोन मंडी से सोयाबीन खरीदता है और मंडी उप निरीक्षक रोशन आर्य उससे प्रत्येक बोरी पर 10 रुपये की मांग कर रहा है। व्यापारी द्वारा मंडी शुल्क जमा करने के बावजूद उससे कथित रूप से अवैध राशि मांगी जा रही थी। रुपये नहीं देने पर सोयाबीन से भरी गाड़ी रोकने की धमकी दी जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन कर बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक ने मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर लोकायुक्त पुलिस ने 10 सदस्यीय टीम के साथ ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। शुक्रवार को टीम माकड़ोन अनाज मंडी पहुंची।
रिश्वत की राशि कर्मचारी को थमाई
लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, व्यापारी योगेश राठौर ने जैसे ही 4 हजार रुपये की रिश्वत राशि आरोपी रोशन आर्य को दी, उसने यह राशि अपने साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को थमा दी। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने दोनों को मंडी परिसर में रंगे हाथों पकड़ लिया और रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
यह कार्रवाई लोकायुक्त संगठन के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और लोकायुक्त उज्जैन के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
ट्रैप दल में डीएसपी राजेश पाठक, डीएसपी दीपक सेजवार, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक शिवकुमार शर्मा, श्याम शर्मा, इसरार खान, उमेश जाटव सहित अन्य सदस्य एवं साक्षीगण शामिल रहे।