भोपाल/उज्जैन। ‘सहकार से समृद्धि’ की थीम पर आयोजित राज्य स्तरीय सहकार सम्मेलन में केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्यप्रदेश को कई बड़ी सौगातें दीं। सम्मेलन के दौरान उन्होंने 168 नई गौ-एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाई। साथ ही उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल भूमि-पूजन किया।
केंद्रीय मंत्री ने भोपाल में 16.50 करोड़ रुपये की लागत से नव निर्मित 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले फर्मेटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट तथा 12.42 करोड़ रुपये की लागत से नव निर्मित राज्य स्तरीय केंद्रीय गुणवत्ता प्रयोगशाला का लोकार्पण किया। इसके अलावा शिवपुरी जिले में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
पशुपालकों और गौशालाओं को करोड़ों की सहायता
सम्मेलन में भोपाल एवं इंदौर दुग्ध संघों से जुड़े पशुपालक सदस्यों को 15.10 करोड़ रुपये की लाभांश (बोनस) राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की गई। वहीं प्रदेश की गौशालाओं में गौवंश के संरक्षण, आहार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 88 करोड़ रुपये की सहायता राशि भी जारी की गई।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मंच से 5 गौपालक दीदियों और सर्वश्रेष्ठ दुग्ध उत्पादन करने वाली समिति के सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही राज्य सरकार की डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के तहत 2 पशुपालकों को स्वीकृति आशय-पत्र भी प्रदान किए गए।