Madhya Pardesh/ उज्जैन। नाग पंचमी के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित बाबा नागचंद्रेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। नाग पंचमी के अवसर पर मंदिर के कपाट 24 घंटे दर्शन के लिए खुले हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर रहे हैं।
उज्जैन कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने बताया कि अब तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि दर्शन व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है और कहीं भी किसी प्रकार की रुकावट नहीं है।
कलेक्टर ने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों और गुमराह करने वाली खबरों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं भी घबराहट या अफरा-तफरी की स्थिति नहीं है। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं और दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की। प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालु शांतिपूर्वक और सुविधाजनक तरीके से बाबा नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर सकें।
