अफीम तस्करी पर अफजलपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो 51 ग्राम अफीम सहित आरोपी गिरफ्तार, नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई, 10 लाख रुपये का मश्रुका जब्त
मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस के विशेष नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान नशे से दूरी है जरूरी 2.0 के तहत मंदसौर पुलिस लगातार मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में थाना अफजलपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ अफीम की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 किलो 51 ग्राम अफीम एवं एक कार जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद कुमार मीना के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण श्रीमती कीर्ति बघेल के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को थाना अफजलपुर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्रे कलर की अल्टो कार क्रमांक एमपी-14-सीडी-3072 से अवैध अफीम लेकर अफजलपुर होते हुए दलौदा की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम राहुल पिता जगदीश निवासी साखतली, थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 2 किलो 51 ग्राम अवैध अफीम अनुमानित कीमत 4 लाख रुपये बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 115/2026, धारा 8/18, 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी से अफीम के खरीदार, विक्रेता एवं सप्लायर के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय सहित अफजलपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।