Madhya Pardesh/ मंदसौर। पलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने प्याज के कट्टों के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 90 किलोग्राम डोडाचूरा के साथ उत्तर प्रदेश के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तैर सिंह बघेल एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 18 जून को थाना शामगढ़ में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह राजावत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर की एक सफेद पिकअप में दो व्यक्ति प्याज के कट्टों के नीचे डोडाचूरा छिपाकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ढाबला गुर्जर अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर वाहन क्रमांक पीबी-65-बीएम-7353 को रोका। तलाशी के दौरान पिकअप में रखे प्याज के 25 कट्टों के नीचे छिपाकर रखा गया 90 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपीन पिता सूरजपाल नाई उम्र 25 वर्ष, निवासी हथनीबुड़, तहसील दातागंज, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) तथा राहुल सिंह पिता भूपेन्द्र सिंह गौर उम्र 34 वर्ष, निवासी सरोरी, तहसील बिसौली, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 90 किलोग्राम डोडाचूरा, 25 प्याज के कट्टे तथा करीब 8 लाख रुपये कीमत की पिकअप वाहन जब्त की है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये बताई गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना शामगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस आरोपियों से डोडाचूरा के स्रोत एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कपिल सोराष्ट्रीय, सहायक उपनिरीक्षक शिवकुमार सिंह राजावत, प्रधान आरक्षक प्रदीप पानेरी, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट, आरक्षक विकास राठौर, विशाल सिंह, मोकम सिंह, इरफान तथा कौशलेंद्र की विशेष भूमिका रही।